RRT News- रायपुर नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगामी मानसून को देखते हुए शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बारिश पूर्व नाला सफाई अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है। इस जनहित और जनस्वास्थ्य सुरक्षा अभियान के तहत निगम की टीमें विभिन्न जोनों में मुस्तैदी से काम कर रही हैं, ताकि बारिश के दौरान गंदे पानी की सुगम निकासी सुनिश्चित की जा सके और जलजमाव की स्थिति निर्मित न हो।
इसी कड़ी में नगर निगम जोन क्रमांक 9 के तहत लाभाण्डी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 'पीहर नाला' की अभियानपूर्वक सफाई कर जल प्रवाह को सुगम बनाया है। इसके साथ ही, जोन क्रमांक 5 के अंतर्गत काली मंदिर रिंग रोड नाला और जोन 9 के ही कचना बीएसयूपी आवासीय परिसर की गलियों व नालियों की सघन सफाई कराई गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
दूसरी ओर, नगर निगम जोन क्रमांक 2 के अंतर्गत आने वाले व्यस्ततम नहरपारा रेलवे स्टेशन मार्ग नाला की भी व्यापक स्तर पर सफाई की गई। निगम कर्मियों ने नाले से भारी मात्रा में निकला संपूर्ण कचरा तुरंत उठवाया, ताकि भारी बारिश के दौरान भी पानी का निकास बिना किसी रुकावट के हो सके। नगर निगम का यह सफाई अभियान शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी निरंतर जारी है।







