Breaking

नगर निगम का छापा: खुले में मांस बेचने पर 3 मटन दुकानों पर लगा जुर्माना, मचा हड़कंप

Chhattisgarh 13 April 2026 (25)

post

RRT News Raipur - रायपुर नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देशों पर आज स्वास्थ्य विभाग की टीम एक्शन मोड में नजर आई। नगर निगम की मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने जोन 3 अंतर्गत तेलीबांधा दैनिक बाजार का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री पूरन कुमार तांडी और मुख्यालय के स्वच्छता निरीक्षक भी मौजूद रहे। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बाजार में स्वच्छता मानकों की जांच करना और जनशिकायतों का मौके पर निपटारा करना था।

Advertisement

खुले में मांस बेचने पर तगड़ी कार्रवाई

बाजार के भीतर निरीक्षण के दौरान डॉ. पाणीग्रही ने पाया कि 3 मटन दुकानों में स्वच्छता नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। इन दुकानों पर मांस को बिना ढके, खुले में बेचा जा रहा था, जिससे संक्रमण फैलने और गंदगी का खतरा बना हुआ था। नियमों के उल्लंघन पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्वास्थ्य अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम की टीम ने मौके पर ही संबंधित व्यवसायी पर जुर्माना ठोक दिया।

ई-जुर्माना और सख्त चेतावनी

अवैध तरीके से और बिना ढके मांस विक्रय करने के आरोप में संबंधित व्यवसायी शेख हुसैन से कुल 3000 रुपये का ई-जुर्माना वसूला गया। जुर्माना वसूलने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा मांस खुले में बिकता पाया गया, तो छत्तीसगढ़ नगर पालिका निगम अधिनियम के तहत दुकान को सील करने और लाइसेंस रद्द करने जैसी कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

जनशिकायत पर त्वरित समाधान

गौरतलब है कि तेलीबांधा बाजार में मटन दुकानों द्वारा फैलाई जा रही गंदगी को लेकर स्थानीय निवासियों और ग्राहकों ने नगर निगम मुख्यालय और जोन 3 कार्यालय में कई जनशिकायतें दर्ज कराई थीं। स्वास्थ्य अधिकारी की इस कार्रवाई से बाजार के अन्य व्यवसायियों में भी हड़कंप मच गया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की स्वच्छता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ शहरभर में इसी तरह का औचक निरीक्षण और दंडात्मक अभियान निरंतर जारी रहेगा।

You might also like!