बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से रिश्तों को कलंकित कर देने वाली एक बेहद सनसनीखेज और खूनी वारदात सामने आई है। बेमेतरा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ढारा में एक कलयुगी छोटे भाई ने मामूली आपसी विवाद के चलते अपने ही सगे बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खूनी वारदात के बाद पूरे गांव में हड़कंप और दहशत का माहौल निर्मित हो गया है, वहीं हंसते-खेलते परिवार में पसरे मातम के बीच परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रदीप साहू के रूप में की गई है, जो ग्राम ढारा का निवासी था। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच किसी घरेलू बात को लेकर अचानक विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि छोटा भाई गुस्से में पूरी तरह अंधा हो गया। उसने तैश में आकर घर पर रखी लोहे की गैती (मिट्टी खोदने का औजार) उठाई और अपने बड़े भाई प्रदीप साहू के ऊपर ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया।
गैती के गंभीर वार लगने के कारण अत्यधिक खून बह जाने से प्रदीप साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार होने की फिराक में था, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की सूचना पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस की टीम ने घेराबंदी करते हुए कलयुगी आरोपी छोटे भाई को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।







