रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जोन क्रमांक 9 के तीन विभिन्न वार्डों (कुशभाऊ ठाकरे वार्ड 7, डॉ. भीमराव अम्बेडकर वार्ड 11 और महर्षि वाल्मीकि वार्ड 32) में 2 करोड़ रूपये से अधिक की लागत वाले नए विकास कार्यों का विधि-विधान से भूमिपूजन किया। इस दौरान रायपुर ग्रामीण विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू, एमआईसी सदस्य दीपक जायसवाल, खेम कुमार सेन सहित स्थानीय पार्षद प्रभा मनोज विश्वकर्मा, मोहन साहू और भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इन विकास कार्यों के तहत मोवा से दलदल सिवनी मुख्य मार्ग पर अंधकार दूर करने के लिए 71 लाख रुपये की लागत से नई स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, तालाब में ब्रिज निर्माण, आंगनबाड़ी भवन, विभिन्न क्षेत्रों में नाली व सीसी रोड निर्माण और उद्यानों के सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर मीनल चौबे और एमआईसी सदस्य खेम कुमार सेन ने पूर्ववर्ती सरकार पर जमकर निशाना साधा। महापौर ने कहा कि पूर्व ग्रामीण विधायक ने अपने कार्यकाल में केवल भूमिपूजन किया और नारियल फोड़े, लेकिन धरातल पर कोई विकास कार्य नहीं किया। उन्होंने वर्तमान विधायक मोतीलाल साहू को विकास पुरुष बताते हुए कहा कि जब से प्रदेश में विष्णु देव साय की सरकार आई है, तब से विकास कार्यों में तेजी आई है। विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू ने भी दुर्गा मैदान अवन्ति विहार में बाउंड्रीवाल शेड निर्माण और मोवा-दलदलसिवनी मार्ग पर शानदार प्रकाश व्यवस्था की सौगात देने के लिए महापौर के नेतृत्व की सराहना की और इसे जन-कल्याणकारी उपलब्धि बताया।
इसके साथ ही महापौर मीनल चौबे ने मंच से जोन 9 के कमिश्नर राकेश शर्मा को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध प्लाटिंग, अवैध कॉलोनी या अवैध निर्माण नहीं होना चाहिए, और यदि ऐसा पाया जाता है तो तत्काल कड़ाई से हटाने की कार्रवाई करें। गर्मियों के मौसम को देखते हुए महापौर ने नागरिकों से जलसंकट के स्थायी निदान के लिए अपने घरों में अनिवार्य रूप से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि धरती माता को जल वापस लौटाना बेहद जरूरी है, साथ ही सभी नागरिक अपने वार्ड को घर-आंगन की तरह स्वच्छ रखकर शहर को सुंदर बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।







