RRT News- रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन में आयोजित साप्ताहिक टीएल (समयसीमा) बैठक के दौरान अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। शहर के विकास और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुलाई गई इस बैठक में नगर निगम के सभी बड़े बकायादारों के खिलाफ शिकंजा कसने की रणनीति तैयार की गई है। आयुक्त ने सभी 10 जोनों के कमिश्नरों को निर्देशित किया है कि वे बड़े बकायादारों को तत्काल नोटिस जारी करें और नियमानुसार सख्त कार्रवाई करते हुए संपूर्ण बकाया राजस्व की वसूली सुनिश्चित करें।
राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आयुक्त ने सभी 10 जोनों को मिलाकर प्रतिदिन कुल 1 करोड़ रुपये का राजस्व वसूलने का एक बड़ा और अनिवार्य लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही उन्होंने आम नागरिकों और संपत्ति करदाताओं को राहत देने के लिए एक विशेष योजना की घोषणा भी की है। यदि करदाता आगामी 30 जून 2026 तक वित्तीय वर्ष 2026-27 का संपत्ति कर (Property Tax) जमा करते हैं, तो उन्हें टैक्स में 6.25 प्रतिशत की विशेष छूट का लाभ मिलेगा। निगम ने अधिकारियों से इस छूट का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक राजस्व जुटाने को कहा है।
आने वाले मानसून को देखते हुए बैठक में जल संरक्षण और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए भी ठोस निर्देश दिए गए। आयुक्त संबित मिश्रा ने मानसून की पहली बारिश से पहले शहर के अधिक से अधिक स्थानों पर रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम (Rain Water Harvesting System) लगाने के आदेश दिए हैं। विशेष रूप से शहर के उन संवेदनशील इलाकों को चिन्हित करने को कहा गया है जहां बारिश में जलभराव होता है, ताकि वहां प्राथमिकता के आधार पर यह सिस्टम लगाकर भूजल स्तर में सुधार किया जा सके। इसके अलावा, उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में चल रहे अवैध निर्माण के सभी मामलों पर भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।








