Breaking

'मोर खारून मोर सम्मान' महाअभियान: महापौर मीनल चौबे और आयुक्त संबित मिश्रा की अगुवाई में नदी से निकाली गई टन भर जलकुंभी

Chhattisgarh RRT News Desk 07 June 2026

post

रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा 'मोर खारून मोर सम्मान' सफाई महाअभियान के तहत महादेवघाट पर एक विशाल श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। महापौर मीनल चौबे की अपील पर नगर निगम के तमाम जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद और आयुक्त संबित मिश्रा इस अभियान में शामिल हुए। पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से चलाए गए इस अभियान में लगभग 600 सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों ने मिलकर जीवनदायिनी खारून नदी से भारी मात्रा में जलकुंभी बाहर निकाली और दर्जनों टाटा एस वाहनों के माध्यम से उसका परिवहन कराया।

Advertisement

अभियान के दौरान जनसमुदाय को संबोधित करते हुए महापौर मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर की जीवनदायिनी खारून मैया को स्वच्छ रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नदी में गंदगी, कचरा, पॉलिथीन और पूजन सामग्री न डालें। महापौर ने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि खारून की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा ने कहा कि यह पहली बार है जब खारून नदी की गरिमा लौटाने के लिए इतने व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

इस महाअभियान में स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, एमआईसी सदस्य सरिता आकाश दुबे, सुमन अशोक पाण्डेय, महेंन्द्र खोडियार, अमर गिदवानी, भोलाराम साहू, नन्दकिशोर साहू, खेम कुमार सेन के साथ ही विभिन्न जोनों के अध्यक्ष गज्जू साहू, डॉ प्रमोद साहू, मुरली साहू, अम्बर अग्रवाल, बद्री प्रसाद गुप्ता, श्वेता विश्वकर्मा, प्रीतम सिंह ठाकुर और गोपेश साहू उपस्थित थे। प्रशासनिक अधिकारियों में अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी योगेश कडु सहित सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया और राजधानी को स्वच्छ व हरित बनाने का संदेश दिया।

You might also like!