रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम प्रशासन द्वारा शहर के विकास कार्यों में बाधा बन रहे अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन 1 नगर निवेश विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। गोगांव अंडरब्रिज से लेकर गोगांव पानी टंकी तक 15वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत स्वीकृत नाली निर्माण और सड़क चौड़ीकरण के विकास कार्य को गति देने के लिए यह अभियान चलाया गया।
इस कार्रवाई के दौरान विकास कार्य के मार्ग में बाधा बन रही लगभग 17 संरचनाओं को पूरी तरह से हटा दिया गया। नगर निवेश विभाग की टीम ने मौके पर मुस्तैद रहकर सड़क और नाली के दायरे में आने वाले अवैध निर्माणों, दीवारों, पाटा, सीढ़ियों के साथ-साथ सड़क किनारे लगे अवैध ठेलों और गुमटियों को साफ किया। इस अभियान के बाद सड़क चौड़ीकरण के काम में आ रही बड़ी रुकावट दूर हो गई है, जिससे अब निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ सकेगा।
कार्रवाई के दौरान निगम के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी अमला मौके पर मौजूद रहा। यह पूरी कार्रवाई जोन 1 के जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर के मार्गनिर्देशन और कार्यपालन अभियंता द्रोनी कुमार पैकरा की देखरेख में की गई। इस दौरान सहायक अभियंता शरद देशमुख, शैलेंद्र पटेल, उप अभियंता अर्जिता दीवान, अंकिता सोनवर्षा, इम्तियाज अहमद और नगर निवेश विभाग के अन्य कर्मचारी भी मुस्तैद रहे, जिनकी उपस्थिति में बिना किसी बड़े विरोध के शांतिपूर्ण ढंग से बाधाओं को हटा दिया गया।







