मुंगेली। पैसा दोगुना और तिगुना करने का लालच देकर लाखों रुपये की कथित ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि निवेश के नाम पर हुई धोखाधड़ी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ, जिसके कारण परिवार गहरे मानसिक तनाव में आ गया। मामले में मृतक अजय देवांगन की पत्नी सुनीता देवांगन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित परिवार ने बेहतर मुनाफे के लालच में अपनी जमा पूंजी निवेश की थी। आरोप है कि निवेश राशि वापस नहीं मिलने और लगातार आर्थिक दबाव के चलते परिवार को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा। परिजनों का कहना है कि इस घटनाक्रम का गहरा असर परिवार के मुखिया अजय देवांगन पर पड़ा, जिनका बाद में निधन हो गया।
सुनीता देवांगन ने अपने परिजनों और अन्य लोगों के साथ एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा निवेश की गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







