बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मुक्तिधाम के इस्तेमाल को लेकर विवाद सामने आया है। तोरवा के छठघाट स्थित मुक्तिधाम में एक व्यक्ति द्वारा अपने पालतू कुत्ते का अंतिम संस्कार कराए जाने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। मामला सामने आते ही मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध किया।
पार्षद ने थाने में दी शिकायत
मामले को लेकर स्थानीय पार्षद के माध्यम से तोरवा थाने में शिकायत दी गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मुक्तिधाम में पालतू पशु का अंतिम संस्कार किन परिस्थितियों में कराया गया और क्या इस संबंध में किसी नियम का उल्लंघन हुआ है।
घटना के बाद लोगों में आक्रोश
पालतू कुत्ते का मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने इस तरह के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







