RRT News - रायपुर: रायपुर के सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को वृंदावन हॉल में आयोजित एक भव्य समारोह में युवाओं को राष्ट्रभक्ति का नया मंत्र दिया। वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के समय देश के लिए 'मरने' का जज्बा जरूरी था, लेकिन आज विकसित भारत के निर्माण के लिए देश के लिए 'जीने' और अच्छा कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वंदे मातरम् आज भी भारत को एकसूत्र में बांधने वाला सबसे शक्तिशाली मंत्र है।
इस गौरवशाली अवसर पर उन विद्यार्थियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 15 जनवरी को रायपुर लोकसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक सामूहिक गायन कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दी थी। बता दें कि उस दिन 5 लाख विद्यार्थियों ने एक साथ वंदे मातरम् का जयघोष कर एक राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया था। सांसद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस गीत को स्कूलों और कॉलेजों में अनिवार्य कर वास्तविक सम्मान दिया गया है, जिससे नई पीढ़ी में अपनी संस्कृति और मातृभूमि के प्रति गर्व की भावना जागृत हुई है।
समारोह में रायपुर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों जैसे श्री राम संगीत महाविद्यालय, मैट्स यूनिवर्सिटी, डिग्री गर्ल्स कॉलेज और विभिन्न नर्सिंग कॉलेजों के प्रतिभावान कलाकारों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी गर्ग और चैम्बर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सलूजा उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन दानसिंह देवांगन और आभार प्रदर्शन संजय जोशी ने किया। इस आयोजन ने एक बार फिर रायपुर में देशभक्ति के उत्साह को नई ऊंचाई प्रदान की है।








