रायपुर: रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायपुर नगर पालिक निगम जोन-9 के पंडित विद्याचरण शुक्ल वार्ड (क्रमांक 51) में विकास कार्यों की एक नई कड़ी जोड़ी। जोरा क्षेत्र में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में सांसद श्री अग्रवाल ने सांसद निधि से निर्मित समिति भवन के प्रथम तल के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया। इस परियोजना को 5 लाख 88 हजार रुपये की स्वीकृत लागत से पूरा किया गया है।
विधायक और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
लोकार्पण समारोह के दौरान रायपुर उत्तर के विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, वार्ड 51 की पार्षद श्रीमती रेणु साहू के प्रतिनिधि श्री जयंत साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सांसद श्री अग्रवाल ने फीता काटकर नवीन भवन का उद्घाटन किया और इसे क्षेत्र की जनता और सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित किया।
जनता की मांग पर तत्काल निर्णय
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों और महिलाओं ने क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता की ओर सांसद का ध्यान आकर्षित किया। जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए श्री बृजमोहन अग्रवाल ने मंच से ही सांसद निधि मद से शौचालय निर्माण हेतु 1 लाख रुपये का स्वेच्छानुदान देने की बड़ी घोषणा की। उनकी इस घोषणा का स्थानीय रहवासियों ने हर्षध्वनि के साथ स्वागत किया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने की समीक्षा
लोकार्पण के अवसर पर नगर निगम जोन-9 के कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा (सीनियर), कार्यपालन अभियंता श्री शरद ध्रुव, सहायक अभियंता श्री सैयद जोहेब और उप अभियंता सुश्री अंकिता जनार्दन भी उपस्थित रहे। सांसद ने अधिकारियों से वार्ड में चल रहे अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








