बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया और इसी दौरान उसने दूसरी युवती से शादी भी कर ली। करीब दो महीने तक पुलिस से बचने के बाद आखिरकार सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सिरगिट्टी क्षेत्र की रहने वाली युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया। फरारी के दौरान उसने दूसरी युवती से विवाह कर लिया और लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश करता रहा।
सिरगिट्टी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाया और रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।





-1785161036501_m.webp)

