Breaking

Women Empowerment: रक्षाबंधन से पहले 67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंची महतारी वंदन की 31वीं किस्त

Chhattisgarh 25 August 2026

post

रायपुर, 25 अगस्त 2026। रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी की। बालोद जिले के डौंडीलोहारा में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि अंतरित की। बालोद जिले के 2 लाख 45 हजार 28 हितग्राहियों को भी इस राशि का लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माताओं-बहनों के चेहरे की मुस्कान, आत्मविश्वास और उनका आशीर्वाद सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।

Advertisement

रक्षाबंधन से पहले मिली सितंबर की किस्त

डौंडीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए सितंबर महीने की किस्त निर्धारित समय से पहले 25 अगस्त को ही महिलाओं के खातों में भेजी गई है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता देने वाली योजना नहीं है, बल्कि इससे महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हुई है। महिलाएं राशि का उपयोग स्वास्थ्य, पोषण, बच्चों की शिक्षा, बचत और छोटे व्यवसाय जैसी जरूरतों में कर रही हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले ढाई वर्षों में महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं के खातों में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें परिवार के महत्वपूर्ण आर्थिक निर्णयों में सहभागी बनाना है।

हितग्राही महिलाओं ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की पांच हितग्राही महिलाओं से सीधे संवाद किया। महिलाओं ने बताया कि नियमित आर्थिक सहायता से उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है। साथ ही बचत करने और परिवार के भविष्य के लिए आर्थिक निर्णय लेने का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब योजना की राशि से कोई महिला बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करती है, परिवार के भविष्य के लिए बचत करती है या स्वरोजगार शुरू करती है, तो यही योजना की वास्तविक सफलता है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की हर महिला आत्मनिर्भर बने और उसके सपनों को आगे बढ़ने का अवसर मिले।

लखपति दीदी से ड्रोन दीदी तक बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आर्थिक सशक्तिकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ महिलाओं को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अलग-अलग आजीविका गतिविधियों और उद्यमों के जरिए आय अर्जित कर रही हैं।

उन्होंने ड्रोन दीदी पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाएं आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर कृषि क्षेत्र में सेवाएं दे रही हैं। ड्रोन के माध्यम से खेतों में खाद और अन्य कृषि आदानों का छिड़काव कर महिलाएं किसानों की मदद के साथ अपनी आय भी बढ़ा रही हैं।

बालोद को करीब 102 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

महतारी वंदन सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने बालोद जिले को करीब 102 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने डौंडीलोहारा नगर पंचायत में सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा खरखरा जलाशय में लिफ्ट इरिगेशन, पूरक नहर के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण सहित विभिन्न सिंचाई कार्यों की घोषणा की गई।

डौंडीलोहारा में मस्जिद चौक से शास्त्री नगर मार्ग पर करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से पुलिया निर्माण तथा संबलपुर से भीमकन्हार-मुड़िया मार्ग निर्माण के लिए लगभग 19 करोड़ रुपये की घोषणा भी की गई। समारोह में विभिन्न सड़कों और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया गया।

बस्तर में शांति के साथ विकास को गति देने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित बस्तर में अब शांति और विश्वास का वातावरण मजबूत हो रहा है। उनके अनुसार, सुरक्षा बलों के प्रयासों के साथ सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और मोबाइल कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति स्थापित होने से पर्यटन, उद्योग और रोजगार की नई संभावनाएं भी विकसित होंगी। विशेष पिछड़ी जनजातियों के गांवों में प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण, किसानों की समृद्धि, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और जनजातीय क्षेत्रों का विकास राज्य के विकास की मजबूत नींव तैयार करेंगे।

कार्यक्रम में कांकेर सांसद भोजराज नाग, पूर्व सांसद सरोज पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं और नागरिक मौजूद रहे।

You might also like!