Breaking

खूनी रफ्तार का कहर: मुर्गियों से लदे ट्रक में पीछे से जा घुसी अनियंत्रित पिकअप, चालक की दर्दनाक मौत

Chhattisgarh 05 May 2026 (54)

post

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) पर आज दोपहर एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया। पुराने काठी ढाबा के पास झलप की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी मुर्गियों से लदी आयशर ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भयानक थी कि पिकअप वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया और वह सड़क से नीचे उतर गई। इस हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

Advertisement

चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए घटना स्थल की ओर दौड़े। पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ जाने के कारण चालक का शव केबिन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया था। स्थानीय लोगों ने तुरंत इस हादसे की सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

नेशनल हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे के बाद कुछ समय के लिए वहां गाड़ियों की कतारें लग गईं और यातायात बाधित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर किनारे किया और यातायात बहाल कराया। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण पिकअप की अत्यधिक रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

You might also like!