Breaking

Mahanadi Flood Alert: गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खुले, जांजगीर-चांपा में प्रशासन अलर्ट

Chhattisgarh 26 September 2026

post

रायपुर, 26 सितंबर 2026। गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने और जांजगीर-चांपा जिले में लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने महानदी के तटीय और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न इलाकों का मैदानी निरीक्षण कर जलस्तर, नदी के बहाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Advertisement

प्रशासन ने राजस्व, पुलिस, जल संसाधन और नगर सेना सहित संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। नदी के जलस्तर और तटीय इलाकों की लगातार निगरानी के साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के लिए संसाधन तैयार रखने को कहा गया है।

शिवरीनारायण में DDRF टीम तैनात

संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए होमगार्ड जवानों की DDRF की दो टीमें तैयार रखी गई हैं। इनमें से एक टीम को मोटर बोट और आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ शिवरीनारायण में तैनात किया गया है, जबकि दूसरी टीम को जिला मुख्यालय में रिजर्व रखा गया है। इसके अलावा SDRF बिलासपुर से भी लगातार समन्वय किया जा रहा है।

घाट-पुलों पर बैरिकेडिंग, पुलिस बल तैनात

कलेक्टर-एसपी ने शिवरीनारायण बैराज, घाट, पुल, सांस्कृतिक भवन और बसंतपुर बैराज समेत कई संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। सुरक्षा के लिए घाटों और पुलों पर बैरिकेडिंग की गई है तथा पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों को जलस्तर और बहाव पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यदि किसी पुल या पुलिया पर पानी का बहाव आवागमन के लिए खतरनाक पाया जाता है तो तत्काल यातायात नियंत्रित करने और जरूरत पड़ने पर आवागमन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

तटीय गांवों में मुनादी, लोगों से सावधानी की अपील

महानदी के तटीय क्षेत्रों और पहले जलभराव से प्रभावित गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को संभावित जलभराव और सुरक्षा उपायों की जानकारी मुनादी के जरिए देने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से नदी, पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही तेज बहाव के पास सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए जोखिम नहीं उठाने और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने कहा गया है। फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य बताई गई है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी लगातार जारी है।

You might also like!