Breaking

Madku Temple Visit: मुख्यमंत्री साय ने मदकूद्वीप के प्राचीन मंदिरों में की पूजा, कन्या पूजन कर मांगी प्रदेश की खुशहाली

Chhattisgarh 25 September 2026 (16)

post

रायपुर, 25 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप पहुंचकर प्राचीन रामाश्रय और गणेश मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

Advertisement

कन्या पूजन और कन्या भोज में हुए शामिल

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में कन्याओं का पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे कन्या भोज में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में कन्याओं को शक्ति का स्वरूप माना जाता है और कन्या पूजन मातृशक्ति के प्रति सम्मान व श्रद्धा की अभिव्यक्ति है।

मंदिर संग्रहालय का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने पुरातत्व विभाग द्वारा स्थापित मंदिर संग्रहालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने वहां संरक्षित पुरातात्विक धरोहरों और ऐतिहासिक अवशेषों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मदकूद्वीप के ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक महत्व को भी जाना।

विरासत संरक्षण पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राचीन धार्मिक परंपराओं, पुरातात्विक धरोहरों और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है। मदकूद्वीप में इतिहास, आस्था और प्रकृति का संगम दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि ऐसी धरोहरों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, मंत्री दयाल दास बघेल, मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, पुन्नू लाल मोहले, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

You might also like!