कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 61, 63, 64, 65 और 66 को 76 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में करीब 36.50 लाख रुपये के पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण और 39.50 लाख रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित वार्ड पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
स्कूल भवन और सामुदायिक भवन का लोकार्पण
नगर निगम की ओर से वार्ड क्रमांक 65 भैरोताल में 16.58 लाख रुपये की लागत से शासकीय माध्यमिक शाला में नवीन भवन एवं शौचालय का निर्माण कराया गया है।
वहीं, वार्ड क्रमांक 66 पंखादफाई में 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण पूरा किया गया है। दोनों नवनिर्मित कार्यों को मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने जनता को समर्पित किया।
इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन
कार्यक्रम में विभिन्न वार्डों में होने वाले कई विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। इनमें—
वार्ड 65 भैरोताल में दुर्गा मंदिर परिसर में छत निर्माण एवं कांक्रीट कार्य — 11.50 लाख रुपये
वार्ड 61 खम्हरिया में संतलाल घर के पास सांस्कृतिक मंच — 5 लाख रुपये
वार्ड 63 कुसमुंडा प्रोजेक्ट एमएस में बालक-बालिका शौचालय — 1.81 लाख रुपये
वार्ड 63 में वालबाड़ी अतिरिक्त कक्ष — 8.07 लाख रुपये
वार्ड 64 इमलीछापर-परसाभांठा में अमरसाय घर के पास मंच निर्माण — 5 लाख रुपये
वार्ड 65 आनंदनगर में नवधा पंडाल के पास मंच एवं शेड — 8 लाख रुपये
शामिल हैं।
‘छत्तीसगढ़ का तेजी से हो रहा विकास’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योग, रोजगार और अधोसंरचना के क्षेत्र में काम हो रहे हैं और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है।
निगम क्षेत्र में विकास के लिए धन की कमी नहीं
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं और इनके लिए धनराशि की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के सहयोग से विभिन्न मदों के तहत निगम क्षेत्र में लगातार विकास कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों पर जो विश्वास जताया है, उसके अनुरूप नागरिकों की समस्याओं का समाधान और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है।








