Headline:Khairagarh Nagar Palika Election Civic Issues: खैरागढ़ नगरपालिका चुनाव से पहले तेज हुई राजनीतिक सरगर्मी, लेकिन 37 करोड़ की जल योजना और एडवर्ड पार्क विवाद समेत बुनियादी मुद्दे अब भी अधूरे

Chhattisgarh 24 November 2026 (13)

post

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में दिसंबर में प्रस्तावित नगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में टिकट के दावेदार सक्रिय हो गए हैं तथा संभावित प्रत्याशी बैनर-पोस्टर, सोशल मीडिया और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में जुटे हैं, लेकिन इस चुनावी हलचल के बीच शहर की बुनियादी समस्याएं अब भी समाधान की प्रतीक्षा कर रही हैं।

Advertisement

शहर में करीब 37 करोड़ रुपये की जल आवर्धन योजना अधूरी पड़ी है, एडवर्ड चिल्ड्रन पार्क की जमीन का विवाद अनसुलझा है, बाईपास निर्माण में देरी हो रही है और प्रमुख सड़कें गड्ढों से जूझ रही हैं। इसके साथ ही नगर पालिका की खरीदी, ठेका प्रक्रिया, दुकान नीलामी और बिजली बिल के बकाये जैसे मामले पिछले कार्यकाल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं, जिससे आगामी चुनाव में पांच साल के कामकाज का हिसाब मुख्य मुद्दा बनने जा रहा है।

पेयजल व्यवस्था को लेकर शहर की समस्या दूर करने के लिए करीब 37 करोड़ रुपये की जल आवर्धन योजना स्वीकृत की गई थी, जिसके तहत छिंदारी डैम (रानी रश्मिदेवी जलाशय) से पाइपलाइन के जरिए शहर तक पानी पहुंचाया जाना था। पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों और गलियों की खुदाई तो हुई, लेकिन नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। बाद में लालपुर स्टाफ डैम से पानी लाने के लिए 2 करोड़ 46 लाख रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति की बात सामने आई, जिसके बाद अब योजना में आई तकनीकी व निर्माण संबंधी खामियों, खर्च हुई राशि और नियमित जलापूर्ति की समय-सीमा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

दूसरी ओर, शहर के एडवर्ड चिल्ड्रन पार्क से जुड़ी जमीन का विवाद भी नगर पालिका और प्रशासन की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर रहा है। खसरा नंबर 167, 169 और 170 तथा नजूल भूखंड 114 और 115 से जुड़े इस प्रकरण में सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर कथित प्लॉटिंग और निजी निर्माण को लेकर विवाद सामने आया। प्रशासन ने जून 2026 में जांच के लिए सात सदस्यीय समिति गठित कर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण जारी रहने की शिकायतें मिलीं। नवंबर में एक प्लॉट खरीदार द्वारा सरकारी दस्तावेजों और भवन निर्माण अनुमति के आधार पर जमीन खरीदने के बाद उसकी वैधता पर उठे सवालों को सार्वजनिक किए जाने से अब जमीन की वास्तविक स्थिति, अनुमति के आधार और जांच पूरी कर जिम्मेदारी तय किए जाने पर सबकी नजरें टिकी हैं।

You might also like!