CG News- रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर राजधानी में 'टीम प्रहरी' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। पचपेड़ी नाका स्थित अंतरराष्ट्रीय फूड चेन केएफसी (KFC) आउटलेट में औचक निरीक्षण के दौरान भारी गंदगी पाए जाने, किचन का पाइप सीधे सार्वजनिक नाली में जोड़ने और कचरा-प्लास्टिक बाहर फेंकने पर नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। पूर्व में दिए गए नोटिस का जवाब न देने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 का उल्लंघन करने पर इस आउटलेट को तत्काल प्रभाव से सीलबंद कर दिया गया था।
निगम की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद आज रायपुर नगर पालिक निगम स्वास्थ्य विभाग की मुख्यालय टीम द्वारा केएफसी पचपेड़ी नाका के संचालक पर 50 हजार रुपये का ई-चालान (जुर्माना) किया गया। इसके साथ ही संस्थान को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपने परिसर और आसपास की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। जुर्माना वसूलने के बाद केएफसी प्रबंधन से उनके स्वयं के खर्च पर पूरे इलाके की अच्छी तरह से सफाई करवाई गई।
स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में जोन स्वास्थ्य अधिकारियों और नगर निवेश उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई पूरी की। गंदगी की पूरी तरह सफाई होने और जुर्माने की राशि जमा होने के बाद, निगम अधिकारियों ने केएफसी को भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न दोहराने की कड़ी चेतावनी देते हुए आउटलेट की सील खोलने की प्रक्रिया पूरी की। प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा।





_m~2.webp)

