रायपुर। छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने तथा बैंकिंग सेवाओं को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। नवा रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ अपैक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में किसानों को आधुनिक, पारदर्शी और सुगम बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। साथ ही सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में सुधार, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और संस्थाओं को अधिक जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी बैंक अध्यक्षों और अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
बैठक के दौरान सहकारी बैंकिंग प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने, डिजिटल सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा किसानों को बेहतर वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।






-1785161036501_m.webp)
