Breaking

कविता नगर और गीतांजलि नगर को जलभराव से मिलेगी मुक्ति, ₹1.70 करोड़ की लागत से बनेगा नया चौड़ा नाला और 3 पुलिया

Chhattisgarh RRT News Desk 26 May 2026

post

रायपुर। राजधानी रायपुर के उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कविता नगर और गीतांजलि नगर के रहवासियों को जल्द ही बारिश के दिनों में होने वाले जलभराव (वॉटर लॉगिंग) की पुरानी और गंभीर समस्या से स्थायी मुक्ति मिलने जा रही है। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 3 के शहीद वीरनारायण सिंह वार्ड क्रमांक 33 में जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्र में बाढ़ आपदा राहत मद से लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपए की भारी-भरकम लागत से एक नए चौड़े पक्के नाले और 3 नवीन पुलियाओं का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने जा रहा है।

Advertisement

​इस बहुप्रतीक्षित विकास कार्य का शुभारंभ करने के लिए रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा और नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे गीतांजलि नगर पहुंचे। दोनों मुख्य अतिथियों ने जोन 3 की अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू, वार्ड 33 के पार्षद प्रदीप वर्मा, शंकरनगर वार्ड के पार्षद राजेश गुप्ता और निगम के आला अधिकारियों व बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में विधि-विधान से श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर इस कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने लंबे समय से लंबित इस मांग के पूरा होने पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की।

​परियोजना की खास बातें:

​कुल स्वीकृत लागत: लगभग ₹1 करोड़ 70 लाख (बाढ़ आपदा राहत मद)

​निर्माण क्षेत्र की लंबाई: लगभग 605 मीटर पक्का नाला

​नाले की चौड़ाई: लगभग 7 से 9 फीट चौड़ा पक्का नाला

​अतिरिक्त निर्माण: नाले के साथ 3 नई पुलियाओं का निर्माण

​भूमिपूजन के पश्चात विधायक पुरंदर मिश्रा और महापौर मीनल चौबे ने मौके पर उपस्थित जोन 3 की कमिश्नर प्रीति सिंह, कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे और सहायक अभियंता नरेश साहू को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए इस 605 मीटर लंबे नाले और तीनों पुलिया का निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए। साथ ही अधिकारियों को इसकी सतत मॉनिटरिंग करते हुए तय समय-सीमा के भीतर काम को गुणवत्ता के साथ पूरा करने की हिदायत दी गई है, ताकि इस मानसून में रहवासियों को जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिल सके। कार्यक्रम के अंत में वार्ड पार्षद प्रदीप वर्मा ने वार्डवासियों की तरफ से विधायक और महापौर का आभार जताया।

You might also like!