Breaking

झीरम घाटी पहुंचकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, स्मारक को भव्य स्वरूप देने की तैयारी

Chhattisgarh 15 August 2026

post

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बस्तर जिले की झीरम घाटी पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों की स्मृति में पौधारोपण किया और उनके बलिदान को नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि झीरम के शहीदों की याद में बने स्मारक को जल्द ही स्मरणीय स्वरूप दिया जाएगा और इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

Advertisement

उप मुख्यमंत्री ने झीरम घटना को छत्तीसगढ़ के लिए भयंकर त्रासदी बताते हुए कहा कि इसमें प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सुरक्षा जवानों और नागरिकों ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने विद्याचरण शुक्ल, नंदकुमार पटेल और महेंद्र कर्मा सहित सभी शहीदों को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान प्रदेश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि बस्तर को लंबे समय तक हिंसा और भय के साये में रखने वाली ताकतों को अब पीछे धकेला गया है और क्षेत्र में संविधान, लोकतंत्र तथा विकास की पहुंच मजबूत हो रही है।

विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर अब शांति, विकास और विश्वास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। तीन दिवसीय बस्तर तिरंगा यात्रा के दौरान पांच जिलों में करीब 600 किलोमीटर की यात्रा कर शांति और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने भटके हुए युवाओं को हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने के लिए लगातार प्रयास किए हैं और उनके अनुसार 3 हजार से अधिक लोगों ने पुनर्वास का रास्ता अपनाया है। इस अवसर पर उन्होंने शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। परिजनों ने झीरम की मिट्टी पुलिस अधीक्षक को संग्रहित करने के लिए सौंपी।

You might also like!