Breaking

Jashpur Women Empowerment: केरसई में बहनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बांधी राखी, 84.69 लाख के विकास कार्यों की सौगात

Chhattisgarh 27 August 2026

post

जशपुर, 27 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के अवसर पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम केरसई में ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के पहुंचने पर क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया और उनकी कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों के सशक्त होने से परिवार मजबूत होगा और मजबूत परिवारों से विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण होगा।

Advertisement

रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने केरसई क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें घासीमुंडा में नया प्राथमिक शाला भवन, केरसई तालाब का सौंदर्यीकरण, मिनी स्टेडियम, केरसई एवं घासीमुंडा के बजरंग बली मंदिरों का जीर्णोद्धार, सीसी सड़क और सामुदायिक भवन सहित ऊपरकछार में महतारी सदन का निर्माण शामिल है। कार्यक्रम में लगभग 84.69 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, स्कूल, पुल-पुलिया और अन्य जरूरी अधोसंरचनाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि महतारी वंदन योजना के माध्यम से करीब 68 लाख बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने ड्रोन दीदियों और ई-रिक्शा जैसी आजीविका गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को उनकी क्षमता और रुचि के अनुरूप स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों, गरीब परिवारों, आवास, तीर्थ दर्शन और बिजली से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से समस्याएं दर्ज कराने की अपील की और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए गए।

You might also like!