Breaking

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की

Chhattisgarh 20 August 2026

post

जांजगीर, 20 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जांजगीर जिला मुख्यालय में जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

Advertisement

नगरीय विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों में स्वीकृत और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर चुके कार्यों को तत्काल शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा। कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। जांजगीर और सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों को भी तय समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने 15वें वित्त आयोग और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के कार्यों में तेजी लाने के साथ जल आवर्धन योजना को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत कचरे का स्रोत पर पृथक्करण और संग्रहण प्रभावी बनाने, एनर्जी बिल ऑडिट तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने को कहा।

बारिश से खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुके कार्यों को जल्द शुरू कराने और निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत करने को कहा।

उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत देते हुए कहा कि बेहतर सड़क व्यवस्था से नागरिकों को सुगम आवागमन मिलेगा और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।

जल जीवन मिशन की योजनाओं के रखरखाव पर जोर

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण और हैंडओवर हो चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन तथा नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता बताते हुए पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पंचायत और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक कराने को कहा गया।

PM आवास और PM स्वनिधि योजनाओं की समीक्षा

उप मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि और पीएम आवास योजना सहित प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।

युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने पर जोर

खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के माध्यम से आगे बढ़ाने तथा आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा।

नागरिकों से संवेदनशील व्यवहार के निर्देश

अरुण साव ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में आने वाले नागरिकों के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए। आम लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालय आते हैं, इसलिए उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे, सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

You might also like!