IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस की राहें लगातार मुश्किल होती जा रही हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सीजन के 20वें मुकाबले में मुंबई को न केवल 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा, बल्कि टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा की चोट ने भी मैनेजमेंट की चिंताएं बढ़ा दी हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन बल्लेबाजी के दौरान उनकी हैमस्ट्रिंग (जांघ की मांसपेशियों) में खिंचाव आ गया। दर्द इतना ज्यादा था कि वह 'रिटायर हर्ट' होकर पवेलियन लौट गए और दोबारा मैदान पर नहीं आए। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित की चोट की गंभीरता जानने के लिए उनके मेडिकल स्कैन कराए जाएंगे और अब उनका आगामी मैचों में खेलना पूरी तरह से इन रिपोर्ट्स पर निर्भर करेगा।
मुंबई इंडियंस के लिए यह चोट बेहद गलत समय पर आई है, क्योंकि टीम पहले ही अंक तालिका में खराब प्रदर्शन से जूझ रही है। सीजन में खेले गए 4 मैचों में से मुंबई को केवल एक जीत हासिल हुई है, जबकि तीन मैचों में उसे हार का स्वाद चखना पड़ा है। 2 पॉइंट्स और -0.772 के खराब नेट रनरेट के साथ टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में 8वें पायदान पर है। मुंबई को अपना अगला मुकाबला 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलना है। यदि रोहित इस मैच तक फिट नहीं हो पाते हैं, तो प्लेऑफ की रेस में बने रहने की कोशिश कर रही मुंबई इंडियंस के लिए यह एक बहुत बड़ा झटका साबित होगा। फिलहाल फैंस और टीम मैनेजमेंट रोहित के स्कैन नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।







