बिलासपुर (छत्तीसगढ़): न्यायधानी बिलासपुर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक, तारबाहर रेलवे अंडरब्रिज (LHS-366) को मरम्मत कार्य के चलते 1 अप्रैल से 15 मई 2026 तक पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) प्रशासन द्वारा लिए गए इस फैसले से शहर की एक बड़ी आबादी प्रभावित होगी। बताया जा रहा है कि अंडरब्रिज के पुराने हिस्से में पानी के रिसाव (Seepage) की समस्या और सड़क की जर्जर स्थिति को सुधारने के लिए यह मेगा ब्लॉक लिया गया है।
इस रूट के बंद होने से सिरगिट्टी, तारबाहर और व्यापार विहार क्षेत्र के लगभग एक लाख से अधिक लोगों की आवाजाही पर सीधा असर पड़ेगा। वर्तमान में कंक्रीट की सड़क उखड़ने के कारण धूल और उड़ती गिट्टियों से वाहन चालक परेशान थे, जिसे अब नए सिरे से बनाया जाएगा। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं के लिए यह निर्माण कार्य अनिवार्य है, हालांकि डेढ़ महीने तक लोगों को भारी ट्रैफिक जाम और लंबी दूरी तय करने की चुनौती का सामना करना होगा।
प्रशासन ने यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। जब तक तारबाहर अंडरब्रिज बंद रहेगा, तब तक नागरिक चुचुहियापारा रोड अंडरब्रिज (RUB) और हेमुनगर रोड ओवरब्रिज (ROB) का उपयोग कर सकेंगे। रेलवे और स्थानीय पुलिस ने जनता से सहयोग की अपील की है ताकि मरम्मत का कार्य समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके और मानसून से पहले जलभराव जैसी समस्याओं से निजात मिल सके।








