रायपुर: राजधानी के रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा की नींव मजबूत करने के लिए विधायक राजेश मूणत एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। सोमवार सुबह ठीक 8 बजे उन्होंने कोटा स्थित राम दरबार के पीछे ₹4.65 करोड़ की लागत से बन रहे शासकीय नवीन महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार देख श्री मूणत ने अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई और स्पष्ट किया कि शिक्षा के मंदिर के निर्माण में किसी भी प्रकार की देरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निर्माण की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए विधायक ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल 'वर्क प्लान' सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने मौके पर ही मैनपावर बढ़ाने और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि 4786 वर्ग मीटर में आकार ले रहा यह भव्य कॉलेज समय पर पूरा हो सके। श्री मूणत ने दो टूक शब्दों में कहा कि जिस उत्साह से भूमि पूजन हुआ था, उसी गति से धरातल पर परिणाम भी दिखने चाहिए।
इस नवीन महाविद्यालय का निर्माण क्षेत्र के हजारों छात्रों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगा। वर्तमान में यहाँ के लगभग 500 छात्र संस्कृत कॉलेज के भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। विधायक का संकल्प है कि अगस्त 2026 के नए शिक्षा सत्र से बच्चे अपने स्वयं के अत्याधुनिक भवन में पढ़ाई शुरू करें। इस भव्य भवन में विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय की कक्षाओं के साथ-साथ मॉडर्न लैब और विशाल लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
उल्लेखनीय है कि इस कॉलेज का सपना श्री मूणत ने वर्ष 2018 में संजोया था, जिसे अब वे पूर्णता की ओर ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल आधारशिला रखना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा कर जनता को समर्पित करना है। रायपुर पश्चिम के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा के अवसर प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विधायक का यह जनहित अभियान यहीं नहीं रुकने वाला है। कोटा के निरीक्षण के बाद अब कल सुबह 8 बजे वे सरोना और रायपुरा क्षेत्रों का रुख करेंगे। वहां वे नगर निगम के अधिकारियों के साथ चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। 'विकास के पर्याय' कहे जाने वाले राजेश मूणत का यह 'मॉर्निंग इंस्पेक्शन' अभियान अधिकारियों के बीच हड़कंप और जनता के बीच उम्मीद की नई किरण जगा रहा है।








