Breaking
- रायपुर में बसों के रूटवार स्टॉप तय, मनमाने ठहराव पर लगेगी रोक; भाठागांव से सं...
- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे शामिल, माओवाद ह...
- Raipur Health News: छत्तीसगढ़ आयुष्मान भारत योजना में फर्जीवाड़ा, 15 अस्पतालो...
- Jashpur News: एस्ट्रोनाट ट्रेनिंग इनीशिएटिव में 9,533 परीक्षार्थी हुए शामिल, ...
- Janjgir-Champa News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिवरीनारायण में भगवान नर-न...
- Surajpur Social Welfare News: सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांग धनेश्वर साहू...
- Kawardha News: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सहसपुर लोहारा में 48 लाख के एसडीए...
- Raipur Sports News: छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट म...
- Raipur News: समिति प्रबंधकों और फड़मुंशियों को मिलेगी 2-2 लाख रुपए की सामाजिक ...
- Bijapur Naxal Surrender News: बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता, 35...
Hockey League: छत्तीसगढ़ में पहली राज्य स्तरीय प्रोफेशनल हॉकी लीग, 6 टीमें दिखाएंगी दमखम

रायपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में हॉकी प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने की दिशा में एक नई पहल शुरू होने जा रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जाएगा। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होने वाली यह लीग देश में किसी राज्य द्वारा आयोजित पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी। प्रतियोगिता को हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप दिया जाएगा। लीग के मुकाबले संभावित रूप से 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेले जाएंगे।

6 टीमें लेंगी हिस्सा
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि लीग का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवा हॉकी खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें देश के बेहतर खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिल सके।
पहले सीजन में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं। इन टीमों के माध्यम से प्रदेश की अलग-अलग क्षेत्रीय पहचान और हॉकी प्रतिभाओं को एक मंच मिलेगा।
राष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा खिलाड़ियों को
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की मजबूत और समृद्ध परंपरा रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में हॉकी की प्रतिभाएं मौजूद हैं, लेकिन उन्हें बड़े स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर कम मिलता है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के जरिए खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभव के साथ प्रतिस्पर्धी वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी खेल क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलेगा।
‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ बनी लीग की पहचान
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का लोगो राज्य के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के माध्यम से भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है। आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेश की निरंतर प्रगति और आगे बढ़ने की सोच का प्रतीक है।
लीग की टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है। छत्तीसगढ़ी भाषा की यह टैगलाइन अपनत्व और खेल के प्रति आमंत्रण का संदेश देती है, जिसका अर्थ है—“चलो दोस्त, हॉकी खेलते हैं।”
‘बघवा’ होगा लीग का शुभंकर
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ रखा गया है। बाघ को छत्तीसगढ़ के जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत से जोड़ते हुए इसे साहस, शक्ति और निडरता का प्रतीक बताया गया है। शुभंकर खिलाड़ियों की जुझारू भावना और मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करने के संकल्प को भी प्रदर्शित करेगा।
सेमीफाइनल में पहुंचेंगी शीर्ष 4 टीमें
प्रतियोगिता में सभी छह टीमें लीग चरण में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में बेहतर प्रदर्शन करने वाली शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल में विजेता टीम का फैसला होगा।
लीग के दौरान सभी अंपायर और तकनीकी अधिकारी हॉकी इंडिया द्वारा नियुक्त किए जाएंगे। इससे मुकाबलों में तकनीकी गुणवत्ता और निष्पक्षता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
हॉकी के साथ मनोरंजन भी, दर्शकों की एंट्री फ्री
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा जाएगा। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दर्शकों को रोमांचक हॉकी मुकाबलों के साथ मनोरंजन का अनुभव मिलेगा।
खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इससे प्रदेश के खेलप्रेमियों और युवाओं के बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए नई राह
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा और पेशेवर खेल का अनुभव देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है। इससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।







