RRT News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक रसूखदार परिवार की शादी के दौरान खुलेआम नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाई गईं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में एक हाई-प्रोफाइल शादी समारोह के दौरान महिलाओं, बच्चों और युवकों को लाइसेंसी हथियारों से अंधाधुंध हवाई फायरिंग करते देखा जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि उत्सव के माहौल में लोग हाथों में बंदूकें और पिस्टल लेकर थिरकते नजर आए, जिससे वहां मौजूद मेहमानों की जान को भी खतरा हो सकता था। इस घटना के सामने आने के बाद शहर की कानून व्यवस्था और वीआईपी कल्चर पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह पूरा मामला भाजपा नेत्री और मंडी बोर्ड की सदस्य मोनिका सिंह के परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में उनके पति ऋतुपर्ण सिंह की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बिना किसी डर के छोटे बच्चों के हाथों में हथियार थमा दिए गए और वे भी हवा में गोलियां दागते नजर आए। हर्ष फायरिंग पर प्रतिबंध के बावजूद एक रसूखदार परिवार द्वारा किए गए इस प्रदर्शन ने पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती खड़ी कर दी है, क्योंकि कानूनन हर्ष फायरिंग एक दंडनीय अपराध है।
वीडियो के सोशल मीडिया पर फैलते ही रायपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की पुष्टि की जा रही है और हथियारों के लाइसेंस धारकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी को न्यौता दे सकती थी। अब जनता की नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या सत्ता पक्ष से जुड़े होने के बावजूद आरोपियों पर कानून का शिकंजा कसता है या नहीं।







