Breaking

हर घर तिरंगा: मुख्यमंत्री साय ने मुख्यमंत्री निवास में फहराया राष्ट्रीय ध्वज, प्रदेशवासियों से की घर-घर तिरंगा लगाने की अपील

Chhattisgarh 14 August 2026

post

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर अपने-अपने घरों में पूरे सम्मान और गौरव के साथ तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

Advertisement

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगा देश की राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। इसे देखते ही हर भारतीय के मन में गर्व और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। गांवों से लेकर शहरों तक घर-घर लहराता तिरंगा देश की एकता और अखंडता के प्रति नागरिकों के समर्पण को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान को याद करते हुए शहीद वीर नारायण सिंह सहित प्रदेश के सभी स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की बदौलत देशवासियों को स्वतंत्र भारत में जीवन जीने का अवसर मिला है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से घर-घर तिरंगा फहराने और विकसित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

You might also like!