Breaking

Raipur News: हंस ट्रेवल्स के ऑफिस में पुलिस का छापा, 3 बोरों में मिले 16 लाख के नोट; कोलकाता से दिल्ली भेजा जा रहा था संदिग्ध कैश

Chhattisgarh RRT News Desk 07 May 2026

post

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने हवाला कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने अशोका मिलेनियम स्थित 'हंस ट्रेवल्स' के दफ्तर पर अचानक छापा मारकर तीन बोरों में भरी भारी भरकम नकदी बरामद की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बस के जरिए पार्सल के रूप में हवाला की बड़ी रकम भेजी जा रही है। जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो साधारण दिखने वाले तीन सफेद प्लास्टिक के बोरों के अंदर नोटों का अंबार देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

Advertisement

बरामद किए गए इन तीनों बोरों से पुलिस को कुल 16 लाख रुपए की नकदी मिली है। इस जब्ती की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी रकम केवल 10 और 20 रुपये के छोटे नोटों में थी। बोरों के भीतर 20 रुपये के नोटों की 400 गड्डियां और 10 रुपये के नोटों की 800 गड्डियां ठूस-ठूस कर भरी गई थीं। जांच में पता चला है कि यह पार्सल पश्चिम बंगाल के कोलकाता से रायपुर पहुंचा था और इसे आगे बस के जरिए दिल्ली भेजा जाना था। पार्सल पर केवल 'कोलकाता से रायपुर' अंकित था, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

फिलहाल, पुलिस ने पूरी रकम को धारा 102 के तहत जब्त कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह पैसा किसका है और दिल्ली में इसे किसे सौंपा जाना था। पार्सल बुक कराने वाले और इसे प्राप्त करने वाले के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ट्रेवल्स एजेंसी के रिकॉर्ड खंगाल रही है। चूंकि अभी तक किसी ने भी इस रकम पर अपना दावा पेश नहीं किया है, इसलिए पुलिस को इसके पीछे किसी बड़े हवाला नेटवर्क का हाथ होने का अंदेशा है। मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी गई है।

You might also like!