ग्वालियर। शहर में चल रहे ग्वालियर व्यापार मेले में इस बार वाहन कारोबार उम्मीद के मुताबिक रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। वजह है आरटीओ टैक्स में छूट को लेकर फैसला न होना, जिसके चलते कार और दोपहिया वाहन खरीदने आए ग्राहक बुकिंग के बाद भी डिलीवरी लेने से रुक गए हैं। इसका सीधा असर मेले में करोड़ों रुपये के संभावित कारोबार पर पड़ा है।
व्यापार मेले में विभिन्न नामी कंपनियों के वाहन स्टॉल लगाए गए हैं। शुरुआती दिनों में ग्राहकों की भीड़ और पूछताछ से माहौल उत्साहपूर्ण रहा, लेकिन जैसे-जैसे टैक्स छूट की घोषणा में देरी हुई, वैसे-वैसे बिक्री की रफ्तार धीमी पड़ती चली गई। कई ग्राहकों ने स्पष्ट किया कि टैक्स छूट मिलने पर ही वे वाहन खरीदने का अंतिम निर्णय लेंगे।
ऑटोमोबाइल डीलरों का कहना है कि हर साल व्यापार मेले में आरटीओ टैक्स में राहत मिलने से बड़ी संख्या में वाहन बिकते हैं, जिससे न केवल व्यापारियों को लाभ होता है बल्कि सरकार को भी राजस्व प्राप्त होता है। इस बार निर्णय लंबित रहने से डीलर और ग्राहक दोनों असमंजस में हैं।
व्यापारियों का दावा है कि यदि जल्द टैक्स छूट की घोषणा होती है तो एक साथ बड़ी संख्या में वाहन बिक सकते हैं और ठप पड़ा कारोबार फिर से गति पकड़ सकता है। फिलहाल मेला परिसर में वाहन सजे जरूर हैं, लेकिन बिक्री का पहिया थमा हुआ है।








