RRT News- Raipur रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू के निर्देशानुसार, विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू ने नगर निगम जोन 10 के पंडित विद्याचरण शुक्ल वार्ड क्रमांक 50 में लगभग 1 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर जोन अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी और वार्ड पार्षद श्रीमती गायत्री नौरंगे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अधोसंरचना मद के तहत स्वीकृत इन कार्यों में वार्ड के 17 अलग-अलग स्थानों पर सीसी रोड, नाली, पुलिया निर्माण सहित अमलीडीह मुक्तिधाम का विकास और बसंत विहार गार्डन का सौंदर्यीकरण शामिल है।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रतिनिधि ने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर विधिवत कार्यों की शुरुआत की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास प्राथमिकता है और इन कार्यों से वार्डवासियों को मूलभूत सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता रविन्द्र सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, युवा और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने विकास कार्यों की पहल का स्वागत किया।
मैकमिलन साहू ने मौके पर मौजूद जोन 10 के कार्यपालन अभियंता गजाराम कँवर और अन्य तकनीकी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किए जाएं। उन्होंने गुणवत्ता से समझौता न करने और सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया ताकि जनसुविधा विस्तार के ये कार्य समय सीमा के भीतर पूरे हो सकें। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वार्ड की आवश्यकताओं को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचा तैयार किया जाए।







