Breaking

जीपीएम में ₹17 करोड़ की कंपोजिट बिल्डिंग का काम अंतिम दौर में: पीडब्ल्यूडी सचिव मुकेश बंसल ने लिया जायजा, अगस्त तक काम पूरा करने का अल्टीमेटम!

Chhattisgarh RRT News Desk 17 June 2026

post

जीपीएम (पेण्ड्रा रोड): गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के प्रशासनिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश बंसल ने आज पेण्ड्रा रोड में निर्माणाधीन भव्य कंपोजिट बिल्डिंग (संयुक्त जिला कार्यालय भवन) का जमीनी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कड़े लहजे में हिदायत दी कि काम में पूर्ण गुणवत्ता बनाए रखते हुए आगामी अगस्त 2026 तक हर हाल में इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि आम जनता को एक ही छत के नीचे तमाम शासकीय सुविधाएं मिल सकें।

Advertisement

लगभग ₹17 करोड़ की भारी-भरकम लागत से तैयार हो रही इस आधुनिक कंपोजिट बिल्डिंग के निरीक्षण के दौरान सचिव मुकेश बंसल ने एक-एक ब्लॉक का बारिकी से मुआयना किया। उन्होंने होने वाले कलेक्टर चेंबर, कलेक्टर न्यायालय, हाईटेक मीटिंग हॉल, वीआईपी वेटिंग रूम, आवक-जावक शाखा, पोर्च और लिफ्ट ब्लॉक सहित विभिन्न कमरों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल हो रहे टाइल्स, ग्रेनाइट, इलेक्ट्रिकल वायरिंग और प्लंबिंग इत्यादि कार्यों की फिनिशिंग और गुणवत्ता को खुद परखा।

कलेक्टर को दिए कमरों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सचिव मुकेश बंसल ने कलेक्टर न्यायालय और मीटिंग हॉल के ले-आउट में कुछ आवश्यक तकनीकी सुधार करने के निर्देश अधिकारियों को मौके पर ही दिए। उन्होंने मुख्य मार्ग से लेकर कंपोजिट बिल्डिंग तक बनने वाली सुगम पहुंच मार्ग (अप्रोच रोड), परिसर की बाउंड्रीवॉल, व्यवस्थित पार्किंग जोन तथा केंटीन के अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने जिले के कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन को निर्देश दिए कि वे अभी से विभिन्न सरकारी विभागों के लिए कक्ष आवंटन (रूम अलॉटमेंट) की रूपरेखा तैयार कर लें, ताकि भवन हैंडओवर होते ही दफ्तरों को शिफ्ट किया जा सके।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, जिला पंचायत के सीईओ मुकेश रावटे और लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन अभियंता नित्य कुमारी ठाकुर सहित जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के अन्य वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी व मैदानी अमला मौजूद था।

You might also like!