Breaking

GPM News : 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आने से हुई थी मासूम की मौत, डेढ़ साल बाद भी मुआवजे के लिए भटक रहा पीड़ित परिवार

Chhattisgarh 03 November 2026 (5)

post

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 3 नवंबर 2026। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले की ग्राम पंचायत नरौर की एक बेबस मां ने विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही और मुआवजे में हो रही देरी को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई है। मृत बच्चे की मां यूनम ओट्टी ने बताया कि उनके 13 वर्षीय बेटे संतोष कुमार की खेलते समय 11 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी। यह हादसा 5 जनवरी 2025 को हुआ था, जिसमें बच्चे की मौके पर ही जान चली गई थी।

Advertisement

घटना को लगभग 20 महीने (डेढ़ साल से अधिक) बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार को शासन द्वारा निर्धारित विद्युत दुर्घटना की सहायता राशि प्राप्त नहीं हो सकी है। जबकि घटना के तुरंत बाद संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन को सूचना देने के साथ-साथ सभी आवश्यक दस्तावेज भी जमा किए जा चुके हैं। मृत बच्चे की मां का आरोप है कि वे न्याय की आस में कई बार बिजली ऑफिस के चक्कर काट चुकी हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा केवल ऊपर से आदेश आने का हवाला देकर उन्हें हर बार टाल दिया जाता है।

विद्युत विभाग के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये और स्पष्ट जवाब न मिलने से आहत पीड़ित परिवार ने अब जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द मुआवजा राशि दिलाए जाने की मांग की है। स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सुस्ती के कारण गरीब परिवार को आर्थिक तंगी के साथ-साथ मानसिक पीड़ा का भी सामना करना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में भी विभाग के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है।

You might also like!