अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर-बैकुंठपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े डुमरिया-केवरा-भैयाथान मार्ग पर गोबरी नदी के ऊपर बना अस्थायी रपटा पुल पहली ही तेज बारिश में बह गया। पुल क्षतिग्रस्त होने से डुमरिया, डबरीपारा, शिवप्रसादनगर, खुटरापारा सहित एक दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को अब अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (सेतु संभाग) द्वारा इस अस्थायी रपटे के निर्माण और हालिया मरम्मत पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए गए थे। तेज बारिश के बाद पुल के बह जाने से निर्माण की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुल के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक गतिविधियों पर सीधा असर पड़ा है।
फिलहाल संबंधित विभाग स्थिति का आकलन कर रहा है और वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जल्द स्थायी पुल के निर्माण और जिम्मेदारों के खिलाफ जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।








