Breaking

गरियाबंद: शादी में गया था परिवार, पीछे से चोर ने साफ किए लाखों के जेवर; राजिम पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा

Chhattisgarh RRT News Desk 23 February 2026

post

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात को सुलझाने में सफलता हासिल की है। ग्राम भाठापारा रॉवड में एक सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी किए गए 96,000 रुपये मूल्य के शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए हैं। राजिम पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की इलाके में काफी सराहना हो रही है।

Advertisement

घटना 20 फरवरी की रात की है, जब पीड़ित सेवक राम साहू अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने चम्पारण गए थे। चोर ने इसी सूनेपन का फायदा उठाया और घर के मुख्य दरवाजे व अंदर रखी पेटी का ताला तोड़कर कीमती आभूषण पार कर दिए। जब परिवार देर रात वापस लौटा, तो घर का बिखरा सामान और टूटा ताला देख उनके होश उड़ गए। 22 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर घेराबंदी शुरू की और महज कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुँच गई।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम चम्पारण निवासी जितेंद्र कुमार साहू (27 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सोने की माला, दो जोड़ी खिनवा, चांदी की करधन और पायल समेत कुल 96,000 रुपये का सामान जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

You might also like!