Breaking

गरियाबंद में सहेलियों ने की सहेली की रूह कंपा देने वाली हत्या: चरित्र पर लांछन लगाने से थीं नाराज, गुप्तांग में मिर्च डालकर दी दर्दनाक मौत

Crime 04 February 2026

post

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मैनपुर विकासखंड के शोभा थाना क्षेत्र में दो महिलाओं ने मिलकर अपनी ही सहेली की नृशंस हत्या कर दी। ग्राम गरीबा में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोपियों ने न केवल लात-घूंसों और डंडे से पीट-पीटकर महिला की जान ली, बल्कि हत्या से पहले उसे ऐसी अमानवीय यातनाएं दीं जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए।

Advertisement

मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका सुमित्रा नेताम (37 वर्ष) खेत की लारी में निवास करती थी। उसकी गांव की ही दो अन्य महिलाओं, सुगतिन नेताम (36 वर्ष) और ईतवारिन बाई (46 वर्ष) से गहरी दोस्ती थी। हालांकि, पिछले कुछ समय से इस दोस्ती में दरार आ गई थी। विवाद की मुख्य वजह यह थी कि सुमित्रा कथित तौर पर गांव में घूम-घूमकर दोनों सहेलियों के चरित्र पर लांछन लगाती थी और उन्हें बदनाम कर रही थी।

चरित्र पर कीचड़ उछाले जाने से क्षुब्ध होकर दोनों आरोपियों ने सुमित्रा को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। 2 फरवरी को दोनों महिलाएं सुमित्रा की लारी में पहुंचीं और उस पर हमला कर दिया। रंजिश इस कदर हावी थी कि उन्होंने सुमित्रा के गुप्तांग में मिर्च और अन्य ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे बुरी तरह तड़पाया। इसके बाद सीने पर चढ़कर डंडे और घूंसों से तब तक वार किया जब तक कि उसकी सांसें नहीं थम गईं।

घटना की जानकारी तब हुई जब ग्राम सरपंच ने पुलिस को इसकी सूचना दी। क्षेत्र के नक्सल प्रभावित और दूरस्थ होने के कारण पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपी महिलाओं को हिरासत में ले लिया है और उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

शोभा थाना प्रभारी नकुल सिदार ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया है कि बदनामी का बदला लेने के लिए उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्यवाही जारी है। इस घटना ने समाज में आपसी रंजिश और बढ़ते अपराधों के प्रति एक गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

You might also like!