राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में आस्था के नाम पर जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा आयोजित कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने आयोजन समिति से 21 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस धोखाधड़ी का शिकार अंबागढ़ चौकी की 'भोलेनाथ सेवा समिति' हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
शिकायत के अनुसार, छुरिया ब्लॉक के हालेकोसा निवासी दिनेश साहू ने आयोजन समिति को विश्वास में लिया था कि उसकी पंडित प्रदीप मिश्रा और उनकी टीम से सीधी जान-पहचान है। उसने समिति को झांसा दिया कि वह कथा के लिए तारीख (डेट) बुक करा देगा। पंडित प्रदीप मिश्रा की लोकप्रियता को देखते हुए समिति ने भव्य आयोजन की तैयारी शुरू कर दी और किस्तों में आरोपी को कुल 21 लाख रुपये सौंप दिए।
समिति ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब कथा की तारीख तय नहीं हुई और आरोपी टालमटोल करने लगा, तब समिति को ठगी का अहसास हुआ। भोलेनाथ सेवा समिति के सदस्यों ने राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात कर लिखित शिकायत दर्ज कराई। एसपी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी दिनेश साहू के विरुद्ध धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने इस राशि का उपयोग कहाँ किया और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं।
यह घटना उन श्रद्धालुओं और आयोजन समितियों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो बिचौलियों के माध्यम से धार्मिक आयोजनों की बुकिंग कराते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बड़े आयोजन या नामी कथावाचकों की बुकिंग केवल उनके अधिकृत कार्यालय या आधिकारिक माध्यमों से ही करें।








