Breaking

किसान से बड़ी ऑनलाइन ठगी: बंद बीमा पॉलिसी चालू कराने के नाम पर ठगों ने उड़ाए 3.90 लाख रुपये

Chhattisgarh 25 May 2026 (22)

post

NV News- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ऑनलाइन ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शातिर साइबर ठगों ने एक सीधे-साधे किसान को अपनी जालसाजी का शिकार बनाया है। दुर्ग के बोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हिर्री के निवासी किसान हेमंत साहू से ठगों ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी की है। आरोपियों ने पीड़ित किसान को उनकी एक पुरानी बंद पड़ी बीमा पॉलिसी (Lapsed Insurance Policy) को दोबारा चालू कराने और उस पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया था, जिसके झांसे में किसान आ गया।

Advertisement

ठगी की इस वारदात को अंजाम देने के लिए जालसाजों ने किसान से किश्तों में पैसों की मांग की। ठगों के झांसे में आकर पीड़ित किसान हेमंत साहू ने अलग-अलग किश्तों में कुल 3 लाख 90 हजार रुपये आरोपियों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने किसान का भरोसा जीतने के लिए बकायदा तीन किश्तों में पूरी रकम जमा करवाई और जैसे ही पूरी रकम उनके हाथ लगी, उन्होंने अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब पॉलिसी चालू नहीं हुई और संपर्क टूट गया, तब किसान को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।

आर्थिक चपत लगने के बाद परेशान पीड़ित किसान ने इस पूरे मामले की शिकायत बोरी थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस की साइबर सेल टीम उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों को खंगाल रही है, जिसके जरिए इस ठगी को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अज्ञात नंबरों से आने वाले किसी भी लुभावने ऑफर या पॉलिसी चालू कराने वाले कॉल पर भरोसा न करें।

You might also like!