Breaking
- AI Revolution: साय सरकार की अगुवाई में छत्तीसगढ़ में AI क्रांति की ऐतिहासिक श...
- Breaking: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी स्थित ठिकानों पर ED की दबिश...
- Employment: उत्कृष्ट शिक्षा और रोजगार के अवसरों से संवर रहा छत्तीसगढ़ के बच्च...
- Raipur News: राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर पार्षद अर्जुमन ढेबर सहित गणमान्यजन...
- Raipur News: शहरी गैस वितरण नीति के तहत PNG नेटवर्क विस्तार पर जोर, मुख्य सचि...
- Raipur News: प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत 2111 ट्री गार्ड और 446 कांक्रीट घेरे ...
- CG Accident News: बाइक-स्कूटी की जोरदार भिड़ंत, शिक्षक समेत 3 की मौत
- लोक निर्माण से छत्तीसगढ़ निर्माण” के मूलमंत्र के साथ अधोसंरचना विकास को दे रह...
- ‘दृश्य संवाद 2026’ में तस्वीरों में दिखा छत्तीसगढ़, फोटो जर्नलिस्टों का हुआ स...
- Chhattisgarh Mining News: 45 खनिज अन्वेषण परियोजनाओं को मिली मंजूरी, लिथियम-ग...
Employment: उत्कृष्ट शिक्षा और रोजगार के अवसरों से संवर रहा छत्तीसगढ़ के बच्चों का भविष्य — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 19 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के जोरा स्थित एक निजी होटल में आयोजित आईबीसी24 ‘स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप 2026’ कार्यक्रम में प्रदेश की प्रतिभावान छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है और राज्य सरकार शिक्षा, आधुनिक तकनीक तथा रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कक्षा 12वीं की प्रदेश टॉपर बेमेतरा की ओमनी वर्मा को एक लाख रुपये की स्कॉलरशिप और सम्मान पत्र प्रदान किया। उनके विद्यालय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या विद्यालय, बेमेतरा को भी एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न संभागों की टॉपर बेटियों को सम्मानित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं।
Education Infrastructure: 34 नालंदा परिसर से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा बेहतर माहौल
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। प्रदेश में स्कूल शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक संस्थानों का नेटवर्क मजबूत हुआ है। आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान राज्य में संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश में 34 स्थानों पर नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं, जहां युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर और सुविधायुक्त वातावरण मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ के जनजातीय युवाओं के लिए 200 बिस्तरों वाला ट्राइबल यूथ हॉस्टल संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष यहां रहकर तैयारी करने वाले 13 विद्यार्थियों ने यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है। उन्होंने कहा कि सही संसाधन और अवसर मिलने पर प्रदेश के युवा राष्ट्रीय स्तर की कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
AI Mission: 500 करोड़ के प्रावधान से तकनीकी रूप से सक्षम होंगे विद्यार्थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलती तकनीकी दुनिया के साथ विद्यार्थियों को तैयार करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से छत्तीसगढ़ एआई मिशन शुरू किया जा रहा है, जिसके लिए राज्य सरकार ने 500 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने और भविष्य के रोजगार तथा नवाचार के अवसरों के लिए तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।
Bastar Development: शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को मिल रही नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति स्थापित होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर के 92 गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया गया। दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और राशन जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत लाखों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और हजारों लोगों का उपचार किया गया है।
उन्होंने बस्तर की पर्यटन संभावनाओं का भी उल्लेख किया। चित्रकोट जलप्रपात और कुटुमसर गुफा जैसे पर्यटन स्थलों के साथ धुड़मारास गांव की पहचान बढ़ रही है। सरकार पर्यटन क्षेत्रों में होमस्टे को प्रोत्साहित कर रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
Investment & Jobs: नई उद्योग नीति से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति 2024-30 को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। नीति के तहत अब तक करीब 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू होने की जानकारी उन्होंने दी। स्थानीय युवाओं को रोजगार देने वाली औद्योगिक इकाइयों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। बारिश के मौसम के बाद प्रदेश में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवाओं को उद्योगों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से सीधे जोड़ा जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने ‘स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप’ से सम्मानित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे बड़े सपने देखें, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और निरंतर मेहनत करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, तकनीक और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।






