Breaking

धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की माँग: कांग्रेस ने NH-130 धुर्वागुड़ी में किया चक्काजाम, सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी...

Chhattisgarh RRT News Desk 30 January 2026

post

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर अमलीपदर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को NH-130 धुर्वागुड़ी में सांकेतिक चक्काजाम किया। 'मनरेगा बचाओ अभियान' के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने प्रदेश के किसानों की धान खरीदी के लिए निर्धारित अंतिम तिथि को आगे बढ़ाने की पुरजोर माँग की। इस दौरान बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही किसानों के हक के लिए आवाज बुलंद की गई।

Advertisement

सड़क के दोनों ओर लगा वाहनों का लंबा काफिला

चक्काजाम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भाजपा सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिले के अन्य स्थानों पर भी इसी तरह के प्रदर्शन की खबरें सामने आईं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। लगभग एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन ने प्रशासन की सक्रियता बढ़ा दी।

तहसीलदार को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

आंदोलन की स्थिति को देखते हुए अमलीपदर तहसीलदार सुशील कुमार भोई और थाना प्रभारी दिलीप मेश्राम मौके पर पहुँचे। अधिकारियों की समझाइश और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेसियों ने चक्काजाम समाप्त किया। ज्ञापन में मुख्य रूप से धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने और मनरेगा योजना के अस्तित्व को बचाए रखने की माँग की गई है, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सहारा मिल सके।

सरकार पर बरसीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्मृति ठाकुर

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्मृति ठाकुर ने केंद्र और राज्य की 'डबल इंजन' सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जब से यह सरकार आई है, व्यापारी, कर्मचारी, मजदूर, युवा और छात्र—सभी वर्ग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार साजिश के तहत योजनाओं के नाम बदलकर उन्हें समाप्त करने की कोशिश कर रही है। स्मृति ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार की मंशा किसानों से धान खरीदने की नहीं, बल्कि उन्हें परेशान करने की है।

प्रमुख नेताओं की रही उपस्थिति

इस विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष ललिता यादव, वरिष्ठ नेता सेवन पुजारी सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि किसानों और मजदूरों की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

You might also like!