Breaking

Dhamtari Crime News: 8 साल तक छिपाकर रखे हीरे, बेचने निकला तो धमतरी पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा, 10.15 लाख का माल बरामद

Crime 19 October 2026 (7)

post

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पायलीखंड खदान क्षेत्र से बहुमूल्य हीरे जैसे पत्थर चोरी करके पिछले 8 सालों तक अपने पास छुपाकर रखने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इन बेशकीमती पत्थरों को बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था, तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे धर दबोचा। पकड़े गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये आंकी गई है।

Advertisement

मुखबिर की सूचना पर एनएच-30 पर हुई घेराबंदी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर को धमतरी पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा है, जिसके पास बहुमूल्य पत्थर हैं और वह उन्हें बेचने की फिराक में ग्राहक ढूंढ रहा है।

सूचना मिलते ही बिरेझर चौकी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम तुरंत हरकत में आई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसकी तलाशी ली। पूछताछ में उसने अपना नाम विनोद अग्रवाल (उम्र 64 वर्ष), निवासी केके वार्ड, भाटापारा (जिला बलौदाबाजार-भाटापारा) बताया।

146 नग बहुमूल्य पत्थर बरामद

संदिग्ध की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कुल 146 नग बहुमूल्य पत्थर बरामद किए गए। इन पत्थरों का कुल शुद्ध वजन 13.49 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने जब इनसे जुड़े दस्तावेज और स्रोत के बारे में पूछताछ की, तो आरोपी कोई वैध कागजात या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने करीब 8 साल पहले गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध पायलीखंड खदान क्षेत्र से इन पत्थरों को चुराया था और तब से इन्हें अपने पास छिपाकर रखा था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

You might also like!