Breaking

Deputy CM Vijay Sharma Chaupal News: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम के वनांचल ग्रामों में लगाई चौपाल, विकास कार्यों की सौगात

Chhattisgarh 18 October 2026 (11)

post

कबीरधाम: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सुदूर वनांचल क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर 'जनचौपाल' लगाई और सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्राम अंधरीकछार, बोरिया और महली में ग्रामीणों की समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क, पुलिया, सामुदायिक भवन, मंच और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की त्वरित जांच कर समाधान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

Advertisement

दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम अंधरीकछार में सीसी सड़क, धरसा मार्ग, महामाया मंदिर और मंच निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की। इसी प्रकार ग्राम बोरिया में खाद गोदाम, सीसी सड़क और महादेव मंदिर में मंच निर्माण की घोषणा की गई। इसके अलावा ग्राम कापा, सिरमी और महली में भी सामुदायिक भवनों, पुलिया और सीसी सड़कों के निर्माण के लिए बड़ी सौगातें दी गईं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और हर पात्र हित तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की मुख्य प्राथमिकता है।

427 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत और सख्त निगरानी के निर्देश: जनचौपाल के दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया कि ग्राम अंधरीकछार में 163, बोरिया में 128 और अचानकपुर में 136 सहित कुल 427 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आवासों का निर्माण तय समय-सीमा में पूरा किया जाना चाहिए, ताकि गरीबों को जल्द पक्का आशियाना मिल सके।

गन्ना किसानों को मिलेगा शक्कर कारखाने का लाभांश: ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों के कल्याण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। राज्य सरकार ने गन्ने का मूल्य 425 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। इसके साथ ही, भोरमदेव शक्कर कारखाने ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश में सर्वाधिक शक्कर रिकवरी का गौरव हासिल किया है। छत्तीसगढ़ में यह पहला अवसर होगा जब गन्ना किसानों को शक्कर कारखाने से लाभांश राशि वितरित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्राम बोरिया में मां जगदंबा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

You might also like!