कोरबा। छत्तीसगढ़ के ऊर्जाधानी जिला कोरबा से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ दर्री प्रगति नगर क्षेत्र में रात को सोते समय घर के भीतर चूहे के बिल से निकले एक जहरीले सांप ने 11 साल की मासूम बच्ची को डंस लिया। घटना के बाद घबराए परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी डॉक्टर मासूम की जान नहीं बचा सके। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 11 वर्षीय वैष्णवी उर्फ सन्नू के रूप में हुई है, जो कक्षा तीसरी की छात्रा थी। वैष्णवी के पिता राकेश महतो ने बताया कि शुक्रवार की रात रोज की तरह पूरा परिवार खाना खाकर एक ही कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रहा था। इसी दौरान कमरे के कोने में स्थित चूहे के एक बिल से जहरीला सांप बाहर निकल आया और उसने सोते हुए वैष्णवी पर हमला कर दिया।
शनिवार की अलसुबह करीब 4:00 बजे वैष्णवी की नींद अचानक खुली और वह दर्द से कराहते हुए उठी। उसने अपने पिता को कान के पास किसी चीज के जोर से काटने की शिकायत की। जब परिजनों ने टॉर्च जलाकर कमरे में देखा, तो वहां चूहे के बिल के पास सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। बिस्तर पर खून के निशान और बच्ची की बिगड़ती हालत को देखकर परिजन बिना वक्त गंवाए उसे अस्पताल लेकर भागे। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल जाने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।







