Breaking

Dantewada to USA Success Story : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अमेरिका में बसे दंतेवाड़ा के गणेश कुमार कर को लिखा स्नेह पत्र, छत्तीसगढ़ी संस्कृति को विदेशों में सहेजने की सराहना

Chhattisgarh 06 November 2026 (4)

post

रायपुर, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की माटी से निकलकर सात समंदर पार अमेरिका में अपनी विशेष पहचान बनाने वाले दंतेवाड़ा जिले के गणेश कुमार कर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्नेह भरा पत्र लिखकर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विदेश में रहते हुए भी छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा और परंपराओं से जुड़े रहने तथा प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को एकजुट करने के उनके प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत पत्र मिलने पर गणेश कुमार कर ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर आभार जताया है।

Advertisement

सात समंदर पार भी माटी से अटूट लगाव

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने पत्र में कहा कि दंतेवाड़ा से अमेरिका तक की गणेश कुमार कर की यह यात्रा अत्यंत प्रेरणादायक है। विदेश में व्यस्त जीवनशैली के बावजूद अपनी जन्मभूमि, भाषा और संस्कृति के प्रति उनका यह लगाव छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति गहरे अपनत्व को दर्शाता है। अपनी जड़ों से जुड़े रहकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाम हासिल करना प्रदेश के युवाओं के लिए गर्व की बात है।

नाचा, स्वदेशी मेला और 'उड़ान' पहल की सराहना

सांस्कृतिक एकता: मुख्यमंत्री ने 'नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन' (NACHA) के माध्यम से विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ियों को एकजुट करने और तीज-त्योहारों को सामूहिक रूप से मनाने के प्रयासों की सराहना की।

स्वदेशी मेला: विदेशों में भारतीय उत्पादों, कला और परंपराओं को मंच देने की पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प को मजबूत करने वाला बताया।

'उड़ान' पहल: विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा और छात्रवृत्ति के लिए उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भी मुख्यमंत्री ने जमकर तारीफ की।

मुख्यमंत्री ने ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेशों में निवासरत छत्तीसगढ़ियों का अनुभव और ज्ञान प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा सकता है। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय पत्र पर गणेश कुमार कर ने वीडियो संदेश के जरिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार प्रकट किया है।

You might also like!