Witchcraft Suspicion Murder Bacheli: दंतेवाड़ा में जादू-टोने के शक में ग्रामीण की बेरहमी से हत्या, लोहे के बंडा और लकड़ी के पीढ़ा से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh 24 November 2026 (11)

post

दंतेवाड़ा। जिले के बचेली थाना क्षेत्र के ग्राम दुगेली में जादू-टोने के संदेह में दो ग्रामीणों ने 42 वर्षीय आयतु राम कर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी। 21 नवंबर की रात हुई इस वारदात में आरोपियों ने लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़ा से हमला कर उसकी जान ले ली। मामले में बचेली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, दुगेली के धुरवापारा निवासी लच्छू कर्मा (42) और मुद्दा कर्मा (30) को आयतु राम पर जादू-टोना करने का संदेह था। इसी शक के चलते दोनों ने उस पर हमला करते हुए चेहरे, सीने और पीठ पर लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़ा से वार किए, जिससे गंभीर चोटों के कारण आयतु राम की मौत हो गई और वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर बचेली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और धुरवापारा में ग्रामीणों व गवाहों से पूछताछ के दौरान लच्छू और मुद्दा के नाम सामने आए। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से लोहे का धारदार बंडा तथा घटनास्थल से लकड़ी का पीढ़ा जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 23 नवंबर को दोनों को जेएमएफसी न्यायालय बचेली में पेश कर जेल भेज दिया गया।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 लागू होने के बावजूद अंधविश्वास और जादू-टोने के संदेह में हिंसा की घटनाएं थम नहीं रही हैं। एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में वर्ष 2022 में ऐसी 25, वर्ष 2023 में 19 और वर्ष 2024 में 10 हत्याएं दर्ज हुईं, यानी तीन वर्षों में कुल 54 हत्याएं दर्ज की गईं।

You might also like!