दल्लीराजहरा: नगर के फुटबॉल ग्राउंड चौक स्थित दास पान ठेला के पास तीन दिन पूर्व सीवरेज खुदाई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे पर पुलिस और प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई थी। इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने के बाद राजहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने वाले निर्माणकर्ता ठेकेदार और भिलाई स्टील प्लांट (BSP) प्रबंधन राजहरा के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध (एफआईआर) दर्ज कर लिया है।
इस भीषण हादसे के बाद से ही बीएसपी प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है। घटना के दूसरे ही दिन आंतरिक जांच के बाद बीएसपी प्रबंधन ने अपने दो उच्च अधिकारियों—डीजीएम नगर प्रशासक मंगेश सेलकर और एजीएम रमेश हेडउ को कार्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। अब पुलिसिया जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने के बाद इन अधिकारियों और ठेकेदार की मुश्किलें कानूनी तौर पर और ज्यादा बढ़ गई हैं।
स्थानीय निवासियों और श्रमिक संगठनों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश था, जिसके बाद प्रशासन पर त्वरित कार्रवाई का दबाव था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कार्यस्थल पर बिना किसी पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के इतनी गहरी खुदाई कराई जा रही थी, जो सीधे तौर पर मजदूरों की जान से खिलवाड़ था। फिलहाल दर्ज मामले के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी विवेचना में जुट गई है, और माना जा रहा है कि इस मामले में जल्द ही कुछ गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।






_m.webp)
