छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से साइबर ठगी का एक और बड़ा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शातिर साइबर गैंग ने ऑनलाइन गेम में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक आईटी प्रोफेशनल को अपना शिकार बनाया और उनसे 20 लाख रुपये की मोटी रकम ठग ली। ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पीड़ित की शिकायत पर टिकरापारा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ठगी का शिकार हुए फारूक शेख रायपुर के देवपुरी स्थित हर्ष टावर के निवासी हैं और पेशे से आईटी मार्केटिंग का काम करते हैं। पीड़ित फारूक शेख ने अपनी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2025 में फेसबुक के माध्यम से उनकी पहचान 'अनाया चोपरा' नाम की एक यूजर से हुई थी। फेसबुक पर दोस्ती बढ़ने के बाद कथित महिला यूजर ने उन्हें ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म और उसमें निवेश कर बेहद कम समय में मोटी कमाई करने का झांसा देना शुरू किया।
शुरुआत में आरोपी ने फारूक को विश्वास में लेने के लिए ऑनलाइन गेम में पैसे लगवाए और रकम दोगुनी करने का लालच दिया। जब पीड़ित पूरी तरह झांसे में आ गया, तो उसने अलग-अलग किस्तों में कुल 20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस निकालनी चाही, तो आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया और आईडी ब्लॉक कर दी। राजधानी की टिकरापारा पुलिस अब बैंक खातों और संदिग्ध सोशल मीडिया प्रोफाइल्स के डिजिटल फुटप्रिंट्स को ट्रैक कर ठगों के गिरोह का सुराग लगाने में जुट गई है।








