अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शहर से सटे ग्राम भिट्ठीकला में एक पति ने अपनी ही गर्भवती पत्नी के साथ क्रूरता और हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी पति प्रदीप अगरिया मौके से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस बीच मृतका की आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस और डॉक्टरों समेत हर किसी के होश उड़ा दिए हैं।
शव परीक्षण (पोस्टमार्टम) की विस्तृत रिपोर्ट में मृतका के साथ हुई रूह कंपा देने वाली बर्बरता का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी पति ने क्रूरता की पराकाष्ठा पार करते हुए अपनी पत्नी के प्राइवेट पार्ट में लोहे को घिसने वाला लगभग 10 इंच लंबा औजार (लोहे की रेती) डाल दिया था। इस जानलेवा हमले के कारण महिला की बच्चेदानी अंदरूनी रूप से पूरी तरह फट गई थी। अंदरूनी अंगों में आई इस गंभीर चोट और अत्यधिक मात्रा में खून बह जाने (Hemorrhage) के कारण तड़प-तड़प कर महिला की मौत हो गई।
इस दिल दहला देने वाली घटना में एक और दुखद पहलू यह रहा कि मृतका तीन माह की गर्भवती थी। आरोपी की इस भयावह दरिंदगी के कारण महिला के गर्भ में पल रहे तीन महीने के मासूम भ्रूण की भी कोख के भीतर ही मौत हो गई। अंबिकापुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी प्रदीप अगरिया के खिलाफ हत्या और क्रूरता की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।







